उत्तर प्रदेशचंदौलीरोजगार

चंदौली में 18 मार्च को वृहद रोजगार मेला, 40 से अधिक नामी कंपनियां देंगी नौकरी का मौका

चकिया स्थित द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर में होगा आयोजन, युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के मार्गदर्शन में 18 मार्च 2026 को जनपद में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित यह मेला चकिया स्थित द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर (अहिरौरा रोड) में आयोजित होगा।

जिला सेवायोजन विभाग के अनुसार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को रोजगार मेले से संबंधित जानकारी मिलेगी और वे अपनी पसंद की कंपनियों में आवेदन कर सकेंगे।

रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें देश की कई बड़ी कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर देंगी। मेले में Lava International, Ashok Leyland, Subros Limited, Amazon, Flipkart (विजन एचआर सर्विसेज के माध्यम से) और SIS Security समेत 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसके अलावा फैम इंडिया, एडिको, ओवरड्राइव इलेक्ट्रॉनिक्स और स्किल इंडिया इंटरनेशनल जैसी संस्थाएं भी युवाओं का चयन करेंगी।

इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बी.टेक और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। साथ ही आईटीआई और कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

जिला सेवायोजन विभाग ने मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे 18 मार्च को सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचें और अपने साथ सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाण पत्र, अपडेटेड बायोडाटा और चार पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर आएं।

Related Articles

Back to top button