उत्तर प्रदेशचंदौली

चकिया में सजेगी अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन की महफिल, देश-विदेश के कवि होंगे शामिल

आदित्य पुस्तकालय परिसर में होगा भव्य आयोजन, अंतरराष्ट्रीय कवयित्री मणिका दुबे समेत कई नामचीन कवि सुनाएंगे रचनाएं

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। चकिया नगर में आगामी मंगलवार की शाम साहित्य और हास्य-व्यंग्य से भरपूर एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। नगर के आदित्य पुस्तकालय परिसर में पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में ‘अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-प्रदेश के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के कवि एक मंच पर अपनी काव्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस साहित्यिक महफिल में अंतरराष्ट्रीय कवयित्री मणिका दुबे, सुप्रसिद्ध कवि दमदार बनारसी, डॉ. शिखा दीप्ति दीक्षित, धर्मराज कवि शायर, अखिलेश द्विवेदी, डॉ. मनोज द्विवेदी ‘मधुर’ और प्रशांत बजरंगी जैसे प्रतिष्ठित रचनाकार अपनी ओजस्वी तथा हास्य-व्यंग्य से भरपूर रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

कार्यक्रम के आयोजक प्रशांत कुमार ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के निदेशक व पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह और काशी विद्यापीठ पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह शामिल होंगे।

आयोजन की व्यवस्था देख रहे कार्तिकेय पाण्डेय ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य साहित्य और संस्कृति के माध्यम से समाज को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कविताएं और गीत विंध्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और गौरव को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

नगर के साहित्य प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में लोगों को देश के नामचीन कवियों को प्रत्यक्ष सुनने और साहित्यिक रसास्वादन का अनूठा अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button