उत्तर प्रदेशचंदौली

NH-19 पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटा सरसों तेल से लदा ट्रक

आगरा से बिहार के कोचस जा रहा था ट्रक, चंदौली के बिछिया के पास सुबह 5 बजे हुआ हादसा; चालक-खलासी सुरक्षित

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया स्थित नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। आगरा से भारी मात्रा में सरसों का तेल लादकर बिहार के कोचस जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा था। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही वाहन बिछिया के पास पहुंचा, अचानक उसका टायर तेज धमाके के साथ फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक में लदा सरसों का तेल सड़क पर बहने लगा।

गनीमत रही कि उस समय भोर का वक्त होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रक पलटने के बावजूद चालक और खलासी सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सड़क पर तेल फैलने के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए अन्य दुर्घटना होने से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए।

Related Articles

Back to top button