डीडीयू जंक्शन के पास मालगाड़ी के ऊपर जिंदा जला व्यक्ति
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत, शिनाख्त नहीं हो सकी, जीआरपी-आरपीएफ जांच में जुटी
रिपोर्ट: गणपत राय
उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। डीडीयू जंक्शन के आरआरआई के समीप खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ा एक व्यक्ति हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। तेज चिंगारी के साथ आग भड़क उठी और देखते ही देखते व्यक्ति जिंदा जल गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ भी मदद नहीं कर सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति अचानक मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया था और उसने काफी कपड़े पहन रखे थे। इंजन पर चढ़ते ही वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग सन्न रह गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मौके पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई पहचान नहीं हो सकी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया व्यक्ति विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।



