उत्तर प्रदेशचंदौली

मकर संक्रांति पर पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

भोर से दोपहर तक चला स्नान-दान का क्रम, बलुआ गंगा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गुरुवार को बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर अन्न, वस्त्र और द्रव्य का दान किया।
इस वर्ष 14 और 15 जनवरी को मकर संक्रांति को लेकर भ्रम की स्थिति रही, लेकिन परंपरा के अनुसार गुरुवार को ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बलुआ बाजार से लेकर घाट तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी अतुल कुमार व वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत भार्गव पुलिस बल के साथ नाव से गंगा में लगातार कॉम्बिंग करते नजर आए।
गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के नेतृत्व में वालंटियर व्यवस्थाओं में जुटे रहे, वहीं प्राइवेट गोताखोर भी घाट पर तैनात रहे। पर्व के चलते आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। उधर चहनिया, बलुआ, रामगढ़ सहित बाजारों में तिलकुट, लाई, चूड़ा और गुड़ की खरीदारी को लेकर भारी भीड़ देखी गई।

Related Articles

Back to top button