उत्तर प्रदेशवाराणसी

माघ मेला व मकर संक्रांति को लेकर वाराणसी कैंट जंक्शन पर हाई अलर्ट

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ, सीआरपीएफ और डॉग स्क्वायड की संयुक्त सघन चेकिंग

माघ मेला और मकर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र वाराणसी कैंट रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जीआरपी द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि माघ मेला और मकर संक्रांति को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ, सीआरपीएफ और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मिलकर स्टेशन परिसर के सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया तथा ट्रेनों के अंदर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की गई।

उन्होंने बताया कि माघ मेले के दौरान काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन और स्नान के बाद वापसी की संभावना है। इसे देखते हुए यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है और स्टेशन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दी गई वस्तु का सेवन न करें और स्टेशन या ट्रेन में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत जीआरपी, आरपीएफ या पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button