उत्तर प्रदेशचंदौली

मुगलसराय में 2.68 करोड़ की लागत से चार सड़कों का शिलान्यास, एक सड़क का लोकार्पण

विधायक रमेश जायसवाल ने पड़ाव सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क विकास को दी रफ्तार, जनता को मिलेगी बड़ी सहूलियत

रिपोर्ट: गणपत राय

मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पड़ाव एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित के विकास कार्यों को गति देते हुए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा 2 करोड़ 68 लाख 91 हजार रुपये की लागत से बनने वाली चार सड़कों का शिलान्यास तथा एक सड़क का लोकार्पण स्थानीय जनता के हाथों संपन्न कराया।

इन विकास कार्यों के तहत मवई ग्राम सभा में सुल्तानीपुर सेतु तक पहुंच मार्ग का निर्माण 20 लाख 14 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं जीटी रोड करवत चैनपुर संपर्क मार्ग का निर्माण 27 लाख 60 हजार रुपये की लागत से होगा। ग्राम सभा हरिशंकरपुर–गिद्धौली संपर्क मार्ग के लिए 1 करोड़ 9 लाख 17 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा काली महाल चौराहा से ओडवार संपर्क मार्ग 25 लाख 35 हजार रुपये की लागत से बनाया जाएगा। ग्राम सभा कुंडा कला सुल्तानपुर संपर्क मार्ग का निर्माण 86 लाख 65 हजार रुपये की लागत से कराया जाना है।

इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुराग मौर्य, संदीप मौर्य, श्याम नारायण पटेल, कल्लू पाल, अतुलेश पटेल, अशोक सोनकर, सुनील शर्मा, बंटी पटेल, चंद्रा राजभर, सुनीता देवी, बैकुंठ मास्टर, रामनाथ यादव सहित विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button