जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडे और चाकू से हमला, 10 लोग घायल
धरहरा मढ़ई गांव में खलिहान की जमीन को लेकर दो पक्ष भिड़े, सभी घायल जिला अस्पताल रेफर, लेखपाल पर गंभीर आरोप
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धरहरा मढ़ई गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और चाकू का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों के सिर फटने की भी सूचना है।
घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यह विवाद गांव में स्थित करीब दो बीघा खलिहान की जमीन को लेकर बताया जा रहा है, जिस पर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल द्वारा अब तक जमीन का सीमांकन नहीं किया गया, जिससे मामला लगातार उलझता चला गया।
आरोप है कि पूर्व में खाली कराई गई सरकारी जमीन पर एक पक्ष ने फसल बो दी, जबकि दूसरे पक्ष ने मढ़ई डालनी शुरू कर दी, इसी को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक पक्ष से हरिनाथ यादव, राजनारायण यादव, अमन यादव, सतपाल यादव और कलावती देवी घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से अच्छेलाल यादव, हिन्दलाल यादव, अमित यादव, छोटू यादव और रामबिलास घायल बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने लेखपाल पर अवैध कब्जा कराने और फोन-पे के जरिए घूस लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं तथा उसके खिलाफ कार्रवाई और स्थानांतरण की मांग की है। वहीं, कोतवाल दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि सरकारी जमीन को लेकर मारपीट हुई है, हालांकि चाकूबाजी और तलवार चलने की बात को उन्होंने गलत बताया है।



