उत्तर प्रदेशजौनपुर

चाइनीज मांझा बना मौत का फंदा, बाइक सवार डॉक्टर की गर्दन कटने से दर्दनाक मौत

लाइन बाजार क्षेत्र में दोपहर को हुआ हादसा, मांझे की धार से स्किन के साथ हड्डी तक कटी, मौके पर मचा हड़कंप

रिपोर्ट: गणपत राय

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे पर बाइक से घर लौट रहे एक डॉक्टर की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मांझे की धार से डॉक्टर की गर्दन की त्वचा के साथ हड्डी तक कट गई।

मृतक की पहचान केराकत निवासी डॉ. समीर हाशमी (28) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उनकी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे वह बाइक से औंधे मुंह गिर पड़े। गर्दन से खून का फव्वारा निकलने लगा और सड़क खून से सन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। डॉ. समीर चार भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता मुकीम ने बताया कि समीर ने उत्तराखंड से मेडिकल की पढ़ाई की थी और केराकत में उनकी क्लिनिक थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में यूपी में चाइनीज मांझे से कई मौतें हो चुकी हैं, बावजूद इसके यह जानलेवा मांझा खुलेआम बिक रहा है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

Related Articles

Back to top button