चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने जनसुनवाई में सुनीं लोगों की समस्याएं
कैंसर पीड़ित की गंभीर स्थिति पर मुख्यमंत्री को पत्र, शीघ्र आर्थिक सहायता का अनुरोध

रिपोर्ट: गणपत राय
चकिया क्षेत्र के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने शुक्रवार को अपने साडाडीह गांव स्थित आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत व जनसमस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
इस दौरान शुभम मोदनवाल नगर के विभिन्न लोगों को लेकर विधायक से मिले और एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति की गंभीर आर्थिक और स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने तत्काल अपने लेटर पैड पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पीड़ित को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया और कैंसर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।



