तेज रफ्तार चार पहिया की टक्कर से अधेड़ की मौत, वाहन चालक फरार
सकलडीहा से काम कर लौट रहे थे पुनवासी गुप्ता, बिसुनपुरवा के पास हाइवे पर हुआ हादसा

रिपोर्ट: गणपत राय
चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के बिसुनपुरवा गांव के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय पुनवासी गुप्ता की मौत हो गई। चहनियां–चंदौली हाइवे पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक सवार पुनवासी गुप्ता को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक पुनवासी गुप्ता कल्याणपुर गांव के निवासी थे और चहनियां में एक कबाड़ी की दुकान पर काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार को वह सकलडीहा से कोई कार्य निपटाकर टीबीएस बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी गीता देवी, पुत्र पवन और पुत्रियों सुमन, सुषमा, पिंकी व रचना का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।



