उत्तर प्रदेशचंदौली

‘आग उगलती’ बुलेट से हड़कंप, फायरिंग जैसी आवाज से दहशत

संशोधित साइलेंसर से निकल रही थीं चिंगारियां, पीछा कर पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा, बाइक सीज

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। मुगलसराय में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ रही एक बुलेट बाइक से गोली चलने जैसी तेज धमाकेदार आवाजें सुनाई देने लगीं। बुलेट के साइलेंसर से निकलती चिंगारियों ने राहगीरों में दहशत फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक के पिछले नंबर प्लेट पर “ARMY” लिखा हुआ था और सवार युवक भराटा भरते हुए पूरे कस्बे में घूम रहे थे, मानो किसी हथियार का प्रदर्शन कर रहे हों।

सूचना मिलते ही चकिया तिराहा स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात चौकी इंचार्ज अजय कुमार और हेड कांस्टेबल अभिषेक दुबे ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर तीनों युवकों को बुलेट समेत पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक अलीनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि बुलेट के साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव किया गया था, जिसके कारण तेज धमाके जैसी आवाज और चिंगारियां निकल रही थीं। पुलिस ने मौके पर ही बाइक जब्त कर कोतवाली भेज दिया और नियमों के तहत उसे सीज कर दिया।

बताया गया कि बाइक छुड़वाने के लिए युवक काफी देर तक पिकेट के बाहर चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। पुलिस का कहना है कि इस तरह के स्टंट और संशोधित साइलेंसर न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी पैदा करते हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button