बलुआ में नमामि गंगे के तहत प्रभात फेरी, लोगों को कराया गया गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक
छात्रों ने निकाली गंगा स्वच्छता प्रभात फेरी, गोष्ठी में डॉल्फ़िन और मानव समानताओं पर की चर्चा; उपस्थित लोगों से दिलाई गई गंगा स्वच्छता की शपथ
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। बलुआ क्षेत्र में बुधवार को नमामि गंगे योजना के तहत वन विभाग द्वारा गंगा संरक्षण और प्रदूषण रोकथाम के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को गंगा की स्वच्छता, संरक्षण और जैव विविधता के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत वाल्मीकि इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने गंगा निर्मलीकरण प्रभात फेरी निकाली। फेरी में उन्होंने स्वच्छ गंगा, निर्मल गंगा और जल संरक्षण के संदेशों के साथ नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया। इसके बाद बलुआ गंगा घाट पर गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और गंगा की पवित्रता बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य वक्ता और गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने डॉल्फ़िन और मानव समाज के बीच समानताओं और अंतर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉल्फ़िन की बुद्धिमत्ता और सामाजिक व्यवहार मानव समाज के लिए अमूल्य हैं और उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में सह-वक्ताओं कमलेश कुमार सरोज, दिनेश सिंह और प्रमोद सिंह ने गंगा स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और जैव विविधता संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। वन विभाग के क्षेत्राधिकारी श्री राम सवारे यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया और उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी, कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



