मालगाड़ी से कटकर अज्ञात महिला की दर्दनाक मौत
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में ट्रेन हादसे में लगभग 44 वर्षीय महिला की मौत, पुलिस कर रही पहचान

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंधीताली हाईवे ब्रिज के नीचे बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतका की उम्र लगभग 44 वर्ष बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरपीएफ टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि सिंधीताली रेलवे पुल हाइवे के नीचे पोल संख्या 129/35 पर अज्ञात महिला का शव पड़ा है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला किसी मालगाड़ी से कट गई थी।
पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय समूहों में सूचना भेजकर महिला की पहचान कर रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पहचान की कोशिश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।



