उत्तर प्रदेशचंदौली
भारतमाला परियोजना के डंपर चालक ने शौचालय में फांसी लगाकर की आत्महत्या
35 वर्षीय अशोक कुमार पांडे दो दिन से डंपर नहीं चला रहे थे, शराब की लत बताई जा रही है; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुर स्थित भारतमाला प्लांट परिसर में एक दुखद घटना सामने आई। 35 वर्षीय अशोक कुमार पांडे, जो परियोजना में डंपर चालक के पद पर तैनात थे, ने परिसर के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अशोक अविवाहित थे और बिहार के सिवान जिले के घुरघाट गांव के रहने वाले विक्रमा पांडे के पुत्र बताए जाते हैं। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह उनके साथी चालकों ने पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शौचालय का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। मौके पर चकिया क्षेत्राधिकारी रघुराज भी पहुंचे। शहाबगंज थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



