उत्तर प्रदेशचंदौली

तेल्हरा फायरिंग कांड में घायल श्याम लाल की मौत

बच्चों के विवाद से शुरू हुआ संघर्ष बना खूनी झड़प, फायरिंग में घायल 58 वर्षीय श्याम लाल ने तोड़ा दम; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेल्हरा गांव में बीते दिनों हुए फायरिंग कांड ने अब और गंभीर रूप ले लिया है। बुधवार को इस घटना में घायल 58 वर्षीय श्याम लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद गांव में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

जानकारी के अनुसार, तेल्हरा गांव में बच्चों के बीच हुए एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ। इसी दौरान एक पक्ष ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

फायरिंग में घायल श्याम लाल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार को परिजन उन्हें घर लेकर आए थे, लेकिन देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। श्याम लाल की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस इस मामले में शुरू से ही सख्त कार्रवाई कर रही है। कंदवा पुलिस अब तक पूर्व प्रधान समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, अब पुलिस इस मामले में दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाने की तैयारी में जुटी है।

फिलहाल, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।

Related Articles

Back to top button