उत्तर प्रदेशचंदौली

एकौनी में चारदीवारी के अंदर मिला अधजला शव, इलाके में फैली सनसनी

चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में पानी की टंकी के पास बरामद अज्ञात शव, पहचान न होने से पुलिस जांच तेज

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के एकौ ग्राम सभा में उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी की टंकी के पास स्थित एक चारदीवारी के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने जफरपुर चौकी प्रभारी सतीश सिंह को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के साक्ष्यों को खंगालना शुरू कर दिया है।

चौकी प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार शव काफी हद तक जला हुआ है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। घटनास्थल से मृतक से संबंधित कोई दस्तावेज, मोबाइल या अन्य पहचान की वस्तु नहीं मिली है, जिसके कारण अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और समय की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।

फिलहाल पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदा लोगों का रिकॉर्ड खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button