उत्तर प्रदेशचंदौली

अहंकार व्यक्ति के नाश और पतन का कारण: कथावाचक संत दास जी महाराज

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के समापन पर उमड़े श्रद्धालु, भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र का किया वर्णन

रिपोर्ट: गणपत राय 

कमालपुर। श्री राम जानकी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में श्री राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का सोमवार को समापन हुआ। समापन अवसर पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुशील सिंह जनौली ने संयुक्त रूप से आरती की।

अयोध्या से आए कथावाचक संत दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र का विस्तार से वर्णन किया। कथा का रसपान कर रहे श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर नजर आए।

कथावाचक संत दास जी महाराज ने कहा कि प्रभु की शक्ति अपरंपार है। व्यक्ति का अहंकार ही उसके नाश और पतन का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति प्रभु की शरण में जाता है, उसका जीवन सफल हो जाता है और उसका बेड़ा पार हो जाता है।

कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और कंस के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि नारद मुनि ने कंस को बताया था कि वासुदेव का आठवां पुत्र नंद के घर कृष्ण के रूप में पल रहा है। इसके बाद कंस ने अक्रूर को कृष्ण और बलराम को मथुरा बुलाने के लिए नंद के पास भेजा। कंस का उद्देश्य कृष्ण और बलराम का वध करना था।

कथावाचक ने आगे बताया कि कंस के बुलावे पर कृष्ण और बलराम मथुरा पहुंचे। गोपिकाएं भी कृष्ण के वियोग में व्याकुल हो गईं। उद्धव ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन गोपिकाओं का कृष्ण के प्रति प्रेम और समर्पण अटूट रहा। अंततः भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया और मथुरा के लिए प्रस्थान किया।

मथुरा पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण ने अपने मामा कंस का वध किया और अपने माता-पिता वासुदेव व देवकी को कारागार से मुक्त कराया। कथा के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विधायक सुशील सिंह, सुशील सिंह जनौली, जिपंस अंजनी सिंह, दयाराम यादव, सुनील उपाध्याय, संजय रस्तोगी, आनंद रस्तोगी, दिलीप त्रिशूलिया, बिनोद अग्रहरि, कामता जायसवाल, शिवदयाल गुप्ता, हरिवंश उपाध्याय, अमरनाथ जायसवाल, त्रिलोकीनाथ जायसवाल, बाल गोविंद रस्तोगी, अखंडानंद तिवारी, अनिल जायसवाल, संतोष कुमार, ओंकार रस्तोगी, जयप्रकाश उपाध्याय, अवधेश रस्तोगी, भोलेनाथ जायसवाल, मुन्नी लाल जायसवाल, रमेश रस्तोगी, सीताराम वर्मा, कल्लू उपाध्याय, शिवजी वर्मा, प्रदीप रस्तोगी, गोपीनाथ जायसवाल, अनिल गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button