महिला सम्मान समारोह में उमस से परेशान हुईं महिलाएं, नेताओं के लिए कूलर-एसी की व्यवस्था
धानापुर में रक्षाबंधन पर आयोजित समारोह में सफाईकर्मी, आशा, आंगनबाड़ी और शिक्षामित्र बहनों ने लिया हिस्सा, गर्मी के कारण कई महिलाएं कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलीं

रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर। अमर वीर इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु गुरु’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह विशिष्ट अतिथि रहीं।
समारोह में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र की महिला सफाईकर्मी, आशा बहनें, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षामित्र, एएनएम और आजीविका मिशन से जुड़ी समूह सखियां बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
विधायक सुशील सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दिए जाने की भी चर्चा की।
मुख्य अतिथि आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु गुरु’ ने विधायक सुशील सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वहीं राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने भी महिला केंद्रित योजनाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान भारी उमस महिलाओं के लिए परेशानी का कारण बन गई। मुख्य अतिथि के संबोधन से पहले पीछे बैठी कई महिलाएं गर्मी और उमस के कारण कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने लगीं। मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कई महिलाएं बाहर चली गईं। कुछ महिलाएं कागज की तख्तियों से हवा कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करती नजर आईं।
कार्यक्रम में शामिल एक महिला ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मंच और नेताओं के लिए कूलर व एसी की व्यवस्था की गई थी, जबकि पीछे बैठी महिलाएं उमस से परेशान थीं। उनका कहना था कि यदि उपस्थित महिलाओं के लिए भी पर्याप्त राहत की व्यवस्था होती तो उन्हें गर्मी से परेशानी नहीं होती।



