लोहता थाने में हिस्ट्रीशीटरों की परेड, अपराध छोड़ कानून मानने की दिलाई शपथ
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय की सख्त चेतावनी— दोबारा अपराध में मिले तो गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कड़ी कार्रवाई

वाराणसी। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को थाना लोहता परिसर में क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई। परेड का नेतृत्व थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने किया। इस दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और कानून का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
शपथ के दौरान हिस्ट्रीशीटरों ने गलत कार्यों का त्याग कर ईमानदारी से जीवनयापन करने, अपने व्यवसाय एवं रोजगार पर ध्यान देने तथा किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल न होने का संकल्प लिया।
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी हिस्ट्रीशीटर दोबारा अपराध में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य कठोर कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, परेड में शामिल हिस्ट्रीशीटरों में वार्ड-52 लोहता के पार्षद पति प्रतिनिधि शमीम नोमानी का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। साथ ही हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान उनके नारेबाजी करने की भी चर्चा रही है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं।



