काली पूजा से लौट रहे 65 वर्षीय कलाकार को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, दर्दनाक मौत
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, फरार वाहन चालक की तलाश जारी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर गांव के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध कलाकार पन्नालाल राम की मौत हो गई। पन्नालाल काली पूजा कार्यक्रम में बाजा बजाकर लौट रहे थे, तभी सैदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



