उत्तर प्रदेशचंदौली

धानापुर के अमरवीर इंटर कॉलेज में जर्जर भवन का टास्क फोर्स ने किया निरीक्षण

प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 64 लाख से होगा पुनर्निर्माण, छात्रों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

रिपोर्ट: गणपत राय 

धानापुर स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज के जर्जर भवन का टास्क फोर्स समिति द्वारा प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निरीक्षण किया गया। समिति ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर भवन निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विशेष रूप से टूटे-फूटे कक्षों की स्थिति का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कई कक्ष अत्यंत जर्जर हालत में पाए गए। दीवारों में दरारें, छत की खराब स्थिति और फर्श की जर्जर अवस्था को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। समिति ने इन कमियों को जल्द से जल्द दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया।

यह निरीक्षण कुंदन राज कपूर के निर्देश पर किया गया। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार दिनेश शुक्ला ने किया, जिसमें प्रमोद सिंह और राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

विद्यालय के प्रबंधक विशाल सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सरकार द्वारा लगभग 64 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इस योजना में जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण के साथ-साथ नए कक्षों का निर्माण भी शामिल है, जिससे विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।

परियोजना का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण प्रदान करना है। विद्यालय प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शेखर सिंह, प्राचीन छात्र सभा के उप सभापति नवनीत सिंह, पूर्व छात्र मुकेश दुबे, लेखपाल अरुण अवस्थी, राजस्व निरीक्षक गयासुद्दीन सहित शिक्षकगण और अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button