उत्तर प्रदेशचंदौली

खरौझा में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ, ‘जय श्रीराम’ से गूंजा इलाका

नवदिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा 26 अप्रैल से 3 मई तक, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली जनपद के इलिया क्षेत्र अंतर्गत खरौझा गांव में रविवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां नवदिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। जैसे ही यात्रा गांव की गलियों से गुजरी, पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कलश यात्रा में महिलाओं और बालिकाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में हिस्सा लिया, जिससे दृश्य अत्यंत आकर्षक और श्रद्धा से ओतप्रोत नजर आया।

यह यात्रा सरैया और बसाढी मार्ग होते हुए पूरे गांव का भ्रमण करती हुई कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

कथा वाचिका शालिनी त्रिपाठी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने लोगों के मन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। आयोजन समिति के अनुसार, 26 अप्रैल से 3 मई तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

इस अवसर पर राजन सिंह, अस्पताली सिंह, झब्बू सिंह, त्रिवेणी दुबे, छोटू सिंह, सिकंदर उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, महिलाएं और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button