प्रिया रघुवंशी को मिला जिला स्तरीय सम्मान, पीएम श्री विद्यालय में खुशी की लहर
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित हुईं शिक्षिका, विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने जताई खुशी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 113 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश खरवार और पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल मौजूद रहे। वहीं, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ का उल्लेख किया।
इसी समारोह में पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय चंदौली सदर की शिक्षिका प्रिया रघुवंशी को उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। सम्मान मिलने की खबर से विद्यालय परिवार, सहकर्मियों और विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने प्रिया रघुवंशी की उपलब्धि को शिक्षण क्षेत्र में उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम बताया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें नामांकन अभियान के लिए 59 शिक्षक, खेल एवं सह-पाठ्य गतिविधियों के लिए 27 शिक्षक, उत्कृष्ट शिक्षण एवं नवाचार के लिए 16 शिक्षक और माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में 11 शिक्षक शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायकों ने परिषदीय विद्यालयों में हुए बदलावों की सराहना की। उन्होंने स्मार्ट क्लास, डीबीटी योजना और शिक्षकों के समर्पण की भी खुलकर प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने सभी अतिथियों और सम्मानित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



