जनगणना 2027 का शेड्यूल जारी, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी आबादी की गणना
10 जनवरी से शुरू होगी ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा, 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे होगी जनगणना की रेफरेंस डेट

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का कार्यक्रम जारी कर दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के मुताबिक, देश के अधिकांश राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए लोगों को खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का विकल्प भी दिया गया है।
10 जनवरी से मिलेगी खुद जानकारी भरने की सुविधा
सरकार के मुताबिक, 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह पूरी तरह वैकल्पिक होगी। इसके तहत लोग घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी।
1 मार्च 2027 होगी रेफरेंस डेट
जनगणना के लिए 1 मार्च 2027 की रात 00:00 बजे को रेफरेंस डेट निर्धारित किया गया है। इसका मतलब है कि जनगणना के आंकड़ों में लोगों की स्थिति इसी निर्धारित तारीख और समय के आधार पर दर्ज की जाएगी। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक रिविजनल राउंड आयोजित होगा, जिसमें जुटाए गए आंकड़ों की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
इन राज्यों के लिए जारी हुआ अलग कार्यक्रम
अधिसूचना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, गोवा, पंजाब और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्यक्रम अलग रखा गया है। इन राज्यों में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन और 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी।
इसके अलावा मणिपुर में अगली घोषणा तक और लद्दाख के साथ हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के बर्फ से ढके कुछ क्षेत्रों में भी अलग कार्यक्रम लागू होगा।
इस तरह जनगणना 2027 का दूसरा चरण अलग-अलग क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जाएगा। सरकार की इस व्यवस्था के तहत देश की आबादी से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे।



