शिक्षामित्र के निधन पर शिक्षकों ने दिखाई संवेदनशीलता, 1.31 लाख की आर्थिक मदद
चंदौली के सदर ब्लॉक में शिक्षकों ने एकजुट होकर दिवंगत शिक्षामित्र संध्या तिवारी के परिवार को दी सहायता राशि, गांव पहुंचकर जताई संवेदनाएं

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले में शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए एक सराहनीय पहल की है। कंपोजिट विद्यालय चंदौली में कार्यरत शिक्षामित्र संध्या तिवारी के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहयोग देने के लिए सदर ब्लॉक के शिक्षकों ने सामूहिक रूप से 1 लाख 31 हजार रुपये की सहायता राशि एकत्रित कर सौंपी।

खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेश कुमार चतुर्वेदी के निर्देशन में शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल दिवंगत शिक्षामित्र के पैतृक गांव कुशहा (ब्लॉक शहाबगंज) पहुंचा, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान एकत्रित सहायता राशि परिवार को प्रदान की गई, जिससे संकट की इस घड़ी में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
यह सहयोग सदर ब्लॉक के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के स्वैच्छिक योगदान से संभव हो पाया। इस मानवीय पहल की शिक्षा जगत के साथ-साथ आम लोगों में भी व्यापक सराहना हो रही है।
इस अवसर पर बीईओ राजेश कुमार चतुर्वेदी के साथ आनंद नारायण मिश्र, भोनू सर, मु० अकरम, रामानंद यादव, सुनील शर्मा और एआरपी सदस्य सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। वहीं शिक्षामित्र हेमंत कुमार मौर्य ने सभी सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े होकर सहयोग किया।



