उत्तर प्रदेशचंदौली

कल्याणपुर के पास वृद्ध दंपति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, इलाके में सनसनी

चंदौली के सैयदराजा क्षेत्र में दर्दनाक घटना, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पहचान और कारणों की जांच शुरू की

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां लगभग 60 वर्षीय एक वृद्ध महिला और पुरुष ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सैयदराजा रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 649 के 22-24 के बीच स्थित फुट ओवर ब्रिज के पास काफी देर से खड़े थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। जैसे ही तेज रफ्तार ट्रेन वहां से गुजरी, दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर अचानक पटरी पर छलांग लगा दी।

ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस व जीआरपी को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र लगभग 60 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। पहचान होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से शिनाख्त में जुटी है।

यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button