उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद की वार्षिक वर्चुअल बैठक संपन्न, अमित पांडे बने निर्विरोध अध्यक्ष
32 जिलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संगठन विस्तार, नई कार्ययोजना और गतिविधियों को लेकर हुई अहम चर्चा

उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद की वार्षिक वर्चुअल बैठक रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के करीब 32 जिलों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए संगठन के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी कार्ययोजना तय करना, संगठन का विस्तार और नई कार्यकारिणी का गठन था।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से श्री अमित पांडे को परिषद का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का भरोसा जताया।
इस मौके पर राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अरविंद चित्तौड़िया, राष्ट्रीय सचिव श्री धर्मेंद्र, प्रदेश सचिव श्री पंकज पांडे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान संरक्षक श्री नीलू मिश्रा और उपाध्यक्ष श्री प्रशांत सिंह सहित अन्य गणमान्य सदस्य शामिल रहे।
बैठक में खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई योजनाओं के क्रियान्वयन, संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने और प्रदेश भर में गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न जिलों से जुड़े प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी रखे, जिन पर गंभीरता से विचार किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अमित पांडे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे। वहीं प्रदेश सचिव श्री पंकज पांडे ने बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



