अंतरराष्ट्रीय

गैस सिलेंडर संकट पर सपा महिला सभा का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध

खाली सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरी महिलाएं, कीमतों में कमी और आपूर्ति सुधार की मांग

वाराणसी में रसोई गैस सिलेंडरों की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला इकाई सपा महिला सभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। शास्त्री घाट और कचहरी क्षेत्र में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और खाली सिलेंडर व बर्तन लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष आरणीया रीबू श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान “सिलेंडर विलुप्त, जनता अस्त सरकार मस्त” और “चूल्हा बुझा, घर-घर आह” जैसे नारों के साथ सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया।

महिलाओं ने कहा कि सरकार ने सस्ती रसोई का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में गैस सिलेंडर न तो सस्ता है और न ही आसानी से उपलब्ध हो पा रहा है। उनका आरोप है कि महिलाएं घंटों लाइन में खड़ी रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं पा रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने प्रतीकात्मक रूप से चूल्हे पर खाना बनाने और नाले से गैस निकालने का प्रयास कर सरकार पर तंज कसा। उनका कहना था कि सरकार केवल दावों और भाषणों तक सीमित है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है।

महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने कहा कि शहर की महिलाओं में इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडरों की कीमतों में कमी और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार को “जुमलेबाज सरकार” बताते हुए आम जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी का आरोप लगाया और जल्द समाधान की मांग की।

Related Articles

Back to top button