बरियारपुर में तीन दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव
गुमशुदगी दर्ज कर तलाश में जुटी थी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के तालाब में एक युवक का शव उतराता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में शव की शिनाख्त गांव निवासी विश्वनाथ के पुत्र विनय (32) के रूप में की गई।
परिजनों के अनुसार विनय बीते तीन दिनों से लापता था। इस संबंध में परिजनों ने 14 जनवरी को थाना इलिया में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी, इसी बीच तालाब में शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची इलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस मामले में इलिया थाना अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।



