उत्तर प्रदेशवाराणसी

VDA में उत्कृष्ट कार्य का सम्मान, उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने अधिकारियों को किया सम्मानित

ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति में त्वरित और पारदर्शी कार्य करने वाले जोनल अधिकारी व जेई को मिला प्रशस्ति पत्र

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के सभागार में गुरुवार को एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष श्री पूर्ण बोरा ने ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान दिसंबर माह में सर्वाधिक एवं त्वरित रूप से मानचित्र स्वीकृत करने के लिए दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष श्री पूर्ण बोरा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली से आमजन को बड़ी राहत मिली है और इससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। इस दिशा में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि अन्य अधिकारी भी अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित हों।

इस अवसर पर दिसंबर माह में सर्वाधिक ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति के लिए अपर नगर नियोजक/जोनल अधिकारी सौरभ जोशी, अवर अभियंता जय प्रकाश गुप्ता, प्रिया अग्रहरी, जोन-3 के जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति, अवर अभियंता रविन्द्र प्रकाश एवं एसोसिएट इंजीनियर सुशील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उपाध्यक्ष ने सभी सम्मानित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी तरह पारदर्शिता, तत्परता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुड़केश शर्मा, नगर नियोजक प्रभात कुमार, सुनीता गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button