उत्तर प्रदेशचंदौली

NH-19 पर चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.20 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थीं 710 पेटियां शराब, ट्रक और बोलेरो समेत तीन मोबाइल फोन भी बरामद

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चन्दौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार को नेशनल हाईवे-19 पर पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नोएडा से एक ट्रक अवैध शराब लेकर बिहार की ओर जा रहा है, जिसे एक बोलेरो सवार व्यक्ति रास्ता दिखाते हुए एस्कॉर्ट कर रहा है।

सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव की संयुक्त टीम ने एनएच-19 स्थित बरठी कमरौर पेट्रोल पम्प के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक (NL01AF3253) को रोककर तलाशी ली। शुरुआत में ट्रक में पुट्टी की बोरियां लदी दिखाई दीं, लेकिन जब गहनता से जांच की गई तो उनके पीछे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं। मौके से ट्रक चालक और उसे रास्ता बताने वाले बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अली बक्श (27 वर्ष) निवासी दुमका, झारखंड और मुरताज अंसारी (40 वर्ष) निवासी देवधर, झारखंड के रूप में हुई है। अली बक्श ट्रक चला रहा था जबकि मुरताज अंसारी बोलेरो से ट्रक को लोकेशन देते हुए एस्कॉर्ट कर रहा था।

पुलिस के अनुसार ट्रक से विभिन्न ब्रांड की कुल 710 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई हैं, जिसमें रॉयल स्टैग की 139 पेटियां, इंपीरियल ब्लू की 283 पेटियां और मैकडॉवेल्स की 288 पेटियां शामिल हैं। कुल बरामद शराब की मात्रा 6325.92 लीटर बताई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने एक ट्रक, एक महिन्द्रा बोलेरो और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

इस मामले में थाना सैयदराजा में अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 79/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट प्रभारी रामजनम यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल अरविन्द भारद्वाज, राणाप्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button