उत्तर प्रदेशचंदौली

55 लाख की छात्रवृत्ति परीक्षा ‘मेधा’ 22 मार्च को, सनबीम स्कूल मुगलसराय दे रहा मेधावी छात्रों को बड़ा मौका

कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले छात्रों को दो साल तक नि:शुल्क शिक्षा का अवसर, 30 छात्रों को मिलेगा स्कॉलरशिप का लाभ

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय की ओर से मेधावी छात्रों के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। विद्यालय में आगामी 22 मार्च (रविवार) को ‘मेधा’ नामक छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा चंदौली और वाराणसी समेत पूरे देश के प्रतिभाशाली छात्रों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आई है।

इस परीक्षा में कक्षा 10 में अध्ययनरत तथा कक्षा 11 में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। परीक्षा के माध्यम से छात्र न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पाएंगे बल्कि आकर्षक छात्रवृत्ति भी हासिल कर सकेंगे।

विद्यालय की निदेशिका श्रीमती श्वेता कानूडिया ने बताया कि इस स्कॉलरशिप टेस्ट के माध्यम से सत्र 2026-27 में कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले छात्रों को दो वर्षों तक नि:शुल्क शिक्षा का लाभ मिल सकता है। विज्ञान वर्ग (पीसीएम व पीसीबी), ह्यूमेनिटीज (कला) और कॉमर्स वर्ग के कुल 30 छात्रों का चयन परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

परीक्षा की वरीयता सूची में टॉप 6 स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति (स्कूल फीस, ट्रांसपोर्ट मेंटेनेंस चार्ज और कोचिंग फीस) दी जाएगी। वहीं 10 छात्रों को 50 प्रतिशत तथा 14 छात्रों को 25 प्रतिशत (स्कूल फीस व ट्रांसपोर्ट मेंटेनेंस चार्ज) की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस प्रकार चयनित छात्रों को कुल 55 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक कारणों से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की प्रतिभा दबकर रह जाती है, लेकिन यह स्कॉलरशिप टेस्ट ऐसे छात्रों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर देगा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सौमिता चटर्जी ने बताया कि यह मेरिट स्कॉलरशिप प्रोग्राम पूरी तरह छात्र-केंद्रित है। विद्यालय का उद्देश्य है कि हर छात्र को शिक्षा के सभी क्षेत्रों में बेहतर अवसर मिलें, जिससे वे लगातार प्रगति करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी सनबीम स्कूल मुगलसराय में आकर फॉर्म भर सकते हैं या विद्यालय की वेबसाइट www.sunbeammughalsarai.com⁠ पर जाकर 21 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

परीक्षा 22 मार्च को सुबह 9 बजे से आयोजित होगी। प्रश्नपत्र कक्षा 10 के पाठ्यक्रम पर आधारित होगा, जिसमें रिजनिंग और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड के प्रश्न भी शामिल होंगे। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी भाषा रहेगा।

Related Articles

Back to top button