उत्तर प्रदेशचंदौली

50 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर, लापरवाही पर जताई नाराजगी

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स और त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम के तहत चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क निर्माण, विद्युत व्यवस्था और सरकारी भवनों से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्यों की गति बढ़ाएं और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करें।

मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण में देरी पर यू0पी0 प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन को कड़ी फटकार लगाई गई। वहीं सकलडीहा और धानापुर क्षेत्र में गंगा तट पर कटान निरोधक कार्यों, आईटीआई चंदौली में आवासीय भवन निर्माण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माण, नगर पालिका में सॉलिड वेस्ट प्लांट और औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय चकिया और बाबा कीनाराम अघोरपीठ मठ में निर्माण कार्यों में देरी पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को शो-काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण करें।

इसके अलावा सेतु निगम को डीएफसीसीसी ओवरब्रिज निर्माण कार्य समय पर पूरा करने, मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना और स्पोर्ट्स स्टेडियम के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि यदि किसी कार्य में समस्या आती है तो तत्काल सूचित करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके और सभी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय पर उपलब्ध कराई जाए।

Related Articles

Back to top button