45 बत्तखों की संदिग्ध मौत, केमिकल युक्त मछलियां खाने की आशंका
बगुले पकड़ने के लिए बिछाया गया था जाल, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साथ करीब 40 से 45 बत्तखों की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार केमिकल युक्त मछलियां खाने से बत्तखों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मिसिरपुरा गांव की है। यहां के निवासी बबलू सोनकर अपने सहयोगियों के साथ बत्तख पालन का कार्य करते हैं। बत्तखों के अंडे बेचना उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है।
बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को कुछ लोगों ने बगुला पकड़ने के उद्देश्य से मछलियों में कीटनाशक दवा डालकर उन्हें पानी के किनारे रख दिया। मछलियों की गंध से आकर्षित होकर बत्तखों का एक बड़ा झुंड बखरा गांव के सड़क किनारे स्थित पानी में पहुंच गया और वहां पड़ी मछलियों को खाने लगा।
मछलियां खाने के कुछ ही समय बाद बत्तखें एक-एक कर मरने लगीं। देखते ही देखते करीब 45 बत्तखों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बत्तख पालक बबलू सोनकर मौके पर पहुंचे, जहां का दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए।
इसके बाद उन्होंने तत्काल जलीलपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि बत्तख पालक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल युक्त मछलियां किसने और किस उद्देश्य से डाली, ताकि दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा सके।



