उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में अवैध शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार

NH-19 पर घेराबंदी कर पकड़ा गया ट्रक, आलू-भूसी की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी पंजाब मार्किंग वाली शराब

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली: जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना अलीनगर पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 1.68 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने 1028 पेटी शराब के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।

चेकिंग के दौरान मिली अहम सूचना

रविवार को पुलिस टीम गोधना चौराहा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और NH-19 स्थित सिंधीताली पुल के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ ही देर में हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। इसी बीच एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर चालक ने ट्रक को कतार से हटाकर तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ाया और कुचलकर भागने का प्रयास किया। हालांकि सतर्कता बरतते हुए पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित रखते हुए ट्रक को कुछ दूरी पर घेरकर पकड़ लिया।

आलू और भूसी की आड़ में शराब की तस्करी

पकड़े गए ट्रक (RJ14GL7458) की तलाशी लेने पर डाले में 30 बोरी आलू और 50 बोरी चावल की भूसी लदी मिली। इन बोरियों के नीचे “For Sale in Punjab Only” मार्किंग वाली अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।

गिनती में कुल 1028 पेटी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है। कुल 9199.8 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। साथ ही आरोपी के पास से ₹1200 नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।

राजस्थान निवासी तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मल्लाराम (32 वर्ष) पुत्र वागाराम, निवासी रानीगांव कल्ला, थाना सदर बाड़मेर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वहां ऊंचे दामों पर शराब बिकती है। इसी कारण वह और वाहन स्वामी पंजाब से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में बेचते थे।

होली पर्व के मद्देनजर अधिक मुनाफा कमाने की नीयत से यह खेप बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस से बचने के लिए उसने ट्रक चढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह सफल नहीं हो सका।

मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी

इस मामले में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 139/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस टीम प्रभारी उप निरीक्षक आशीष मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button