स्कूल के पास जर्जर सड़क पर बवाल, कांग्रेस प्रवक्ता ने दी आंदोलन की चेतावनी
कई बार ज्ञापन के बावजूद नहीं हुई मरम्मत; स्कूल बस और राहगीरों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले में सेंट थॉमस स्कूल के मुख्य गेट के सामने जर्जर सड़क को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 11 फरवरी 2026 को जिला अस्पताल जाते समय उन्होंने स्कूल गेट के पास सड़क की बदहाल स्थिति देखी। सड़क कई जगह से धंसी हुई है और गड्ढों से भरी पड़ी है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
प्रवक्ता के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने सेंट थॉमस स्कूल के प्राचार्य से मुलाकात की। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय के समीप स्थित नहर की सफाई के दौरान सिंचाई विभाग द्वारा जेसीबी के उपयोग से नहर की दीवार के साथ-साथ सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई। कई स्थानों पर सड़क धंस गई है और नीचे लगी ईंटें नहर में खिसक गई हैं। इससे स्कूल बस, अभिभावकों और आम नागरिकों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
बताया गया कि इस मामले को लेकर 2 जुलाई 2025 को मुख्य विकास अधिकारी चंदौली को अवगत कराया गया, 3 जुलाई 2025 को जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद 11 जुलाई 2025 को सांसद वीरेंद्र सिंह और 22 जुलाई 2025 को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल को भी ज्ञापन दिया गया। विधायक द्वारा जिलाधिकारी को पत्रक संख्या 2458/25-26 के माध्यम से पत्र भी प्रेषित किया गया, जिसके बाद मामला लोक निर्माण विभाग को भेजा गया।
इतने प्रयासों के बावजूद सड़क की मरम्मत अब तक नहीं हो पाई है। शिवेंद्र मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो जिले में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जुलाई 2021 तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया था, लेकिन चंदौली में इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।



