उत्तर प्रदेशचंदौली

सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.40 करोड़ की अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

NH-19 पर ट्रक से 849 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, कागज की गुल्लियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी खेप

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर घेराबंदी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दादरी (नोएडा) से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या RJ14JQ3205 को रोककर जब तलाशी ली गई तो ट्रक के ऊपर कागज की गुल्लियां (धागा लपेटने वाली) भरी हुई थीं। गहन जांच करने पर इनके नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब की पेटियों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था।

पुलिस ने ट्रक से कुल 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (7473.36 लीटर) बरामद की है। इनमें रॉयल स्टेज की 159 पेटियां, इंपीरियल ब्लू की 440 पेटियां और ब्लू स्टार की 250 पेटियां शामिल हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त किया गया है।

मौके से गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान हरिश्चंद्र (चालक) पुत्र ओम प्रकाश निवासी नगला इतवारी, भोगांव और अंकित (परिचालक) पुत्र सुरेश चंद्र निवासी मिसौरा, भोगांव जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सैयदराजा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी सीज कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button