उत्तर प्रदेशचंदौली

सैदराजा में मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल, लाठीचार्ज के बाद बीच सड़क छोड़ी गई मूर्तियां

पूर्व निर्धारित मार्ग न होने से बिगड़े हालात, सीओ और पूर्व विधायक में तीखी बहस, देर रात तक जाम और तनाव

रिपोर्ट: गणपत राय

सैदराजा में मूर्ति विसर्जन को लेकर उस समय हालात बेकाबू हो गए जब पुलिस द्वारा अचानक जुलूस का रास्ता रोके जाने से तनाव बढ़ गया। आरोप है कि विसर्जन मार्ग पहले से तय नहीं कराया गया था, जिससे शाम सात बजे से लेकर रात बारह बजे तक जुलूस एक ही जगह रुका रहा और नगर जाम से कराह उठा।

सरस्वती पूजा से पूर्व हुई पीस कमेटी की बैठक को स्थानीय लोग कागजी बताते नजर आए। वहीं हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद डीजे प्रतिबंध का खुलेआम उल्लंघन हुआ। अयोध्या और सीतापुर से मंगाए गए भारी-भरकम डीजे देर रात चार बजे तक बजते रहे, जिससे इलाके में कंपन तक महसूस किया गया।

मार्ग रोके जाने की सूचना पर पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ और पूर्व विधायक के बीच तीखी और अमर्यादित बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। नाराज होकर जुलूस में शामिल लोग मूर्ति वाहन को बीच सड़क पर खड़ा कर घर चले गए, जिससे पुलिस भी असहज स्थिति में आ गई।

बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह सुबह करीब चार बजे मूर्ति विसर्जन कराया जा सका। घटना ने पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button