सूर्या हॉस्पिटल की सराहनीय पहल, जरूरतमंद छात्राओं को निःशुल्क साइकिल
चंदौली में शिक्षा को बढ़ावा देने की सराहनीय पहल, विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहीं छात्राओं को मिला सहयोग
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। गरीब एवं असहाय वर्ग की मेधावी छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सूर्या हॉस्पिटल की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। सीओ मुगलसराय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीओ अरुण सिंह की मौजूदगी में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. यशी त्रिपाठी और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम त्रिपाठी ने तीन छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की।
साइकिल पाने वाली छात्राओं में अंजली यादव (कक्षा 10, एलबीएस बालिका इंटर कॉलेज), निधि यादव (कक्षा 12, जनता हाई स्कूल) और अनिता (गायत्री बालिका इंटर कॉलेज) शामिल हैं। तीनों छात्राएं पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
डॉ. यशी त्रिपाठी और डॉ. गौतम त्रिपाठी ने कहा कि समाज का दायित्व है कि जरूरतमंद और प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए। शिक्षा उनके बेहतर भविष्य की नींव है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।



