सिक्स लेन सड़क निर्माण में बड़ा खेल? सैकड़ों टन लोहे के गबन का दावा
डीडीयू नगर से पड़ाव तक सिक्स लेन सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी, पीडब्ल्यूडी व कार्यदायी संस्था पर मिलीभगत के गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। डीडीयू नगर से पड़ाव चौराहे तक प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क निर्माण में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। सड़क निर्माण को लेकर चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), कार्यदायी संस्था और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है।
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने कहा कि सिक्स लेन जैसी भारी यातायात वाली सड़क के निर्माण में 16 एमएम मोटाई की लोहे की सरिया का प्रयोग अनिवार्य होता है, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे और धंसने से बच सके। लेकिन चंदौली में निर्माणाधीन सिक्स लेन सड़क में इस मानक की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैकड़ों टन सरिया का उपयोग कागजों में दिखाकर उसका भुगतान निकाल लिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि वास्तविक स्थिति जानने के लिए पीडब्ल्यूडी से सड़क निर्माण की एमबी बुक (मेजरमेंट बुक) उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन बार-बार आग्रह और अनशन के बावजूद विभाग ने न तो एमबी बुक उपलब्ध कराई और न ही निरीक्षण की अनुमति दी। इससे पूरे मामले में अनियमितता की आशंका और अधिक गहराती जा रही है।
इस मौके पर विकास प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी संतोष ओझा ने भी दावा किया कि सिक्स लेन सड़क निर्माण में 16 एमएम सरिया का प्रयोग तकनीकी रूप से अनिवार्य होता है। उन्होंने अपने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वाराणसी के नटिनियादायी क्षेत्र में कराए गए सिक्स लेन सड़क निर्माण में मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था।
वहीं अजय यादव गोलू ने इसे बड़े स्तर का भ्रष्टाचार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पिंटू सिंह ने कहा कि इस प्रकरण में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों, कार्यदायी संस्था और संबंधित जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए।
अंत में संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने पूरे मामले की मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



