उत्तर प्रदेशचंदौली

सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम

चंदौली के सैयदराजा क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आया 24 वर्षीय युवक, मुख्य मार्ग पर घंटों बाधित रहा यातायात

रिपोर्ट: अवधेश राय

चंदौली जनपद के सैयदराजा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ककरैत गांव निवासी आशुतोष राय, पुत्र अजय राय, सैयदराजा–जमानिया मुख्य मार्ग पर तलाशपुर मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटवाने की कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button