बिजली के शॉर्ट सर्किट से तबाही, जनरल स्टोर और आंख अस्पताल में 16 लाख का नुकसान
मीटर खराबी की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। बरहनी कस्बे में मंगलवार रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें संदीप जनरल स्टोर और चश्मा (आंख) अस्पताल में रखा करीब 16 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। बुधवार सुबह दुकान से आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोग और दुकान स्वामी चीख-पुकार करने लगे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सारा सामान नष्ट हो चुका था।
बरहनी स्थित बीआरसी मुख्य मार्ग के किनारे संदीप अग्रहरि की संदीप जनरल स्टोर और डॉ. देवेंद्र प्रताप त्रिपाठी का चश्मा अस्पताल एक ही भवन में संचालित है। बताया गया कि मंगलवार को बिजली मीटर में खराबी की शिकायत अमड़ा बिजली उपकेंद्र पर की गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते रात में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
अगलगी में जनरल स्टोर में रखा फ्रीजर, एलसीडी टीवी, इनवर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, कपड़े, जूते-चप्पल, श्रृंगार का सामान और दर्जनों मोबाइल समेत करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ। वहीं आंख अस्पताल में रखी मशीनें, फर्नीचर सहित लगभग 4 लाख रुपये का सामान जल गया। पीड़ितों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर सपा के पूर्व सैयदराजा विधायक मनोज सिंह डब्लू मौके पर पहुंचे और सदर एसडीएम से मोबाइल पर वार्ता कर पीड़ितों को अहेतुक सहायता राशि दिलाने की मांग की।



