उत्तर प्रदेशचंदौली

शिलान्यास पट्टिका तोड़े जाने पर भड़के दिलीप सोनकर, बोले— विकास विरोधियों को जनता सिखाएगी सबक

चंदौली के पड़या ग्राम सभा में पुल शिलान्यास स्थल क्षतिग्रस्त, 4.44 करोड़ की परियोजना पर सियासी घमासान तेज

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली के पड़या ग्राम सभा में पुल के शिलान्यास स्थल को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना पर जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे विकास विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताया है।

दिलीप सोनकर ने कहा कि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए 4 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया गया था, लेकिन कुछ तत्वों ने स्थल को नुकसान पहुंचाकर जनहित के कार्यों में बाधा डालने की कोशिश की है। उन्होंने तीखे अंदाज में सवाल उठाया कि क्या पत्थर तोड़ना ही विकास की राजनीति है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस तरह की नकारात्मक राजनीति जारी रही, तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि क्षेत्र की जागरूक जनता ऐसे लोगों को आने वाले समय में करारा जवाब देगी।

दिलीप सोनकर ने विधायक रमेश जायसवाल का समर्थन करते हुए कहा कि विकास कार्यों की गति को बिना किसी डर के जारी रखा जाए, क्योंकि जनता और कार्यकर्ता पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अंत में कहा कि 4.44 करोड़ की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र की जरूरत है और इसे किसी भी सूरत में राजनीति की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button