पत्नी ने प्रेमी भांजे संग मिलकर पति की गला रेतकर हत्या, मासूम बेटे की गवाही से खुला राज
अवैध संबंधों के चलते रची गई साजिश, हत्या के वक्त कमरे में मौजूद था पांच साल का बेटा, पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे
रिपोर्ट: गणपत राय
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी भांजे और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना 28 जनवरी की रात भटपुरा गांव की है, जहां 30 वर्षीय बलराम की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश बलराम की पत्नी पूजा ने रची थी। आरोप है कि पूजा के अपने भांजे आदेश से लंबे समय से अवैध संबंध थे। तीन बार वह आदेश के साथ घर से भाग चुकी थी, लेकिन पंचायत के दबाव में हर बार पति के पास लौट आती थी। इस बार पूजा ने पति को रास्ते से हटाने की ठान ली।
घटना की रात आदेश अपने दोस्त रामचंद्र के साथ बलराम के घर पहुंचा। आरोप है कि पहले से चारपाई से बांधे गए बलराम के हाथ-पैर पकड़े गए और पूजा ने धारदार हथियार से पति का गला रेत दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के वक्त दंपती का पांच साल का बेटा पवन उसी कमरे में मौजूद था।
अगली सुबह पूजा ने देवर को गुमराह करते हुए दावा किया कि बलराम ने आत्महत्या की है। लेकिन शक होने पर जब पुलिस ने मासूम बेटे से पूछताछ की तो उसने पूरी सच्चाई बयां कर दी। बच्चे ने बताया कि रात में दो लोग आए थे और मां ने उनके साथ मिलकर पिता की हत्या की, साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर पत्नी पूजा, प्रेमी भांजे आदेश और उसके दोस्त रामचंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में अवैध संबंध, हत्या की साजिश और पूरी वारदात की पुष्टि हुई है। इस हत्याकांड ने न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक रिश्तों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



