वृद्ध आश्रम मधुपुर में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का मानवीय पहल, बुजुर्गों से किया संवाद
चंदौली के मधुपुर स्थित वृद्ध आश्रम में कंबल व मिष्ठान वितरण, बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनकी समस्याएं सुनीं
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। मधुपुर स्थित वृद्ध आश्रम में आज पूर्व विधायक सैयद राजा श्री मनोज सिंह डब्लू ने बुजुर्गजनों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य, दैनिक जरूरतों और जीवन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारे अनुभव और संस्कारों की धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आश्रम में ठंड को देखते हुए बुजुर्गों के बीच कंबल वितरण किया, साथ ही सभी को मिष्ठान वितरित कर नए वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
संवाद के दौरान बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा किए और आश्रम में मिल रही सुविधाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी वे वृद्धजनों के कल्याण और आवश्यक सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग करते रहेंगे।
आश्रम प्रबंधन ने इस मानवीय पहल के लिए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बुजुर्गों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें सामाजिक अपनत्व का एहसास होता है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद ब्रिज जनों और सहयोगियों ने भी बुजुर्गों के साथ समय बिताया और सेवा भाव का परिचय दिया।



