उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में CM योगी का सख्त संदेश, अपराधियों और अवैध कब्जों पर चलेगा कड़ा एक्शन

सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक, माफिया, चेन स्नेचरों और यातायात अव्यवस्था पर अधिकारियों को सख्त निर्देश

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जनपद में कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी ने पुलिस, होमगार्ड्स और अन्य सुरक्षा बलों को और अधिक प्रभावी व संवेदनशील कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और आम नागरिकों के प्रति पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और मित्रवत होना चाहिए, ताकि काशी की वैश्विक छवि और मजबूत हो।

मुख्यमंत्री ने थानावार अवैध कब्जाधारियों, माफियाओं, पेशेवर गुंडों और चेन स्नेचरों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही हुक्का बार और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर भी कड़ा रुख अपनाने को कहा।

यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सड़कों पर अवैध पार्किंग बर्दाश्त न की जाए। मॉल्स के पार्किंग एरिया का उपयोग केवल पार्किंग के लिए हो। जाम की समस्या से निजात पाने के लिए वेडिंग जोन विकसित करने, रिक्शा-ठेलों को व्यवस्थित करने और अवैध टैक्सी, बस व रिक्शा स्टैंड को चिन्हित पार्किंग स्थलों पर शिफ्ट करने को कहा।

सीएम योगी ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साइबर थाना और साइबर हेल्पडेस्क को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया। वहीं आगामी माघ मेला और पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी विभागों को अभी से पुख्ता तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था, गौतस्करी के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button