उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में 77वें गणतंत्र दिवस पर महिला शक्ति का भव्य प्रदर्शन, 400 महिला पुलिसकर्मियों ने किया परेड

कर्तव्य पथ की तर्ज पर काशी में दिखी नारी सशक्तिकरण की झलक, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल बोले - नारी शक्ति किसी से कम नहीं

आज 26 जनवरी को भारत ने अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड के साथ-साथ वाराणसी में भी गणतंत्र दिवस का आयोजन खास रहा। इस अवसर पर वाराणसी में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा भव्य परेड का प्रदर्शन किया गया, जिसमें कुल 400 महिला पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।

महिला परेड में महिला कमांडो, महिला घुड़सवार और महिला पुलिसकर्मियों की सशक्त मौजूदगी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। परेड के दौरान महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार रविंद्र जायसवाल रहे। उन्होंने कहा कि आज देश में समानता की जो बात की जा रही है, उसका सशक्त उदाहरण इस परेड में देखने को मिला है। हमारी नारी शक्ति किसी भी मायने में कम नहीं है, यह बात आज यहां स्पष्ट रूप से सामने आई है।

वहीं वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग के माध्यम से मिशन शक्ति को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे जनपद की महिलाओं में सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को विकसित किया जा सके।

कार्यक्रम में वाराणसी जनपद के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी इस ऐतिहासिक महिला परेड का अवलोकन किया।

Related Articles

Back to top button