वाराणसी के रामरायपुर प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव ‘कोशिश’ का भव्य आयोजन
दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; मुख्य अतिथियों ने सराहा विद्यार्थियों का उत्साह

रामरायपुर, आरजीलाइन (वाराणसी): आरजीलाइन क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, रामरायपुर में वर्ष 2026 का वार्षिकोत्सव ‘कोशिश’ उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें आत्मविश्वास का विकास करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित नृत्य व नाट्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति, आत्मविश्वास और मंच संचालन ने उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान कई बार तालियों की गड़गड़ाहट से परिसर गूंज उठा।

मुख्य अतिथि शशिकांत श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी, आरजीलाइन ने विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि अमित पांडेय, निदेशक, Varanasi Public School ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या रश्मी गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय विद्यालय की शिक्षिकाओं – उपमा पांडे, ज्योति देवी, अलका श्रीवास्तव, आरती देवी, संगीता पटेल और निशा देवी–को दिया।

वार्षिकोत्सव ‘कोशिश’ ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को नया आयाम दिया, बल्कि विद्यालय और गांव के बीच सहयोग व सामंजस्य की भावना को भी सुदृढ़ किया।



