वाराणसी के रजनीश यादव ने हैंडबॉल में किया कमाल, भारतीय टीम में बनाई जगह
ऐयढ़े-लमही निवासी खिलाड़ी ने राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बढ़ाया जिले का मान

वाराणसी जनपद के ऐयढ़े, लमही निवासी होनहार हैंडबॉल खिलाड़ी रजनीश यादव ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन किया है। श्यामा हैंडबॉल अकेडमी, केराकतपुर, लोहता से जुड़े रजनीश यादव का चयन वर्ष 2026 में सेंट्रल एशियन हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ, जो उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाया।
रजनीश यादव, श्री अजय कुमार यादव (पेशा – वकील) के पुत्र हैं। इनके परिवार में दो भाई एवं एक बहन हैं, जिनमें रजनीश यादव दूसरे नंबर के पुत्र हैं। उनकी माता श्रीमती अनीता देवी गृहिणी हैं।
रजनीश यादव ने वर्ष 2017 से सिगरा स्टेडियम, वाराणसी से हैंडबॉल खेलना प्रारंभ किया। इसके बाद वर्ष 2020 से श्यामा हैंडबॉल अकेडमी केराकतपुर, लोहता में कोच सूर्यभान के सानिध्य में प्रशिक्षण लेते हुए उन्होंने लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 2021 में हैदराबाद में आयोजित सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम के साथ तृतीय स्थान, वर्ष 2022 में आंध्र प्रदेश में आयोजित जूनियर नेशनल में चयन, वर्ष 2024 में राजस्थान में आयोजित जूनियर नेशनल में पुनः चयन के साथ तृतीय स्थान, वर्ष 2025 में अंबेडकरनगर में आयोजित जूनियर नेशनल में द्वितीय स्थान, वर्ष 2025 में गोरखपुर में आयोजित फेडरेशन कप में तृतीय स्थान तथा वर्ष 2026 में लखनऊ में आयोजित फेडरेशन कप में तृतीय स्थान शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में कोलकाता में आयोजित सीनियर नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी उनका चयन हुआ।
रजनीश यादव की इस उपलब्धि पर परिवार, क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों तथा वाराणसी जनपद में हर्ष का माहौल है। इस मौके पर श्यामा हैंडबॉल की ट्रस्टी सुश्री उपमा पाण्डेय, श्री संतोष पाण्डेय एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



